- जयस्तंभ चौक पर वरिष्ठों का सम्मान, गांधी स्टेडियम में महात्मा गांधी को सूत अर्पित
इटारसी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के 140वें स्थापना दिवस के गरिमामय अवसर पर नगर कांग्रेस कमेटी द्वारा शहर में सद्भावना रैली का आयोजन किया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने एकजुटता का संकल्प लेते हुए पार्टी के गौरवशाली इतिहास को याद किया और भविष्य के संघर्षों के लिए हुंकार भरी।
कार्यक्रम का शुभारंभ जयस्तंभ चौक से हुआ, जहां नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने उपस्थित सभी वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं का पुष्पहारों से आत्मीय सम्मान किया। इस अवसर पर पूर्व नगरपालिका नेता प्रतिपक्ष अजय शुक्ला, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती नीलम गांधी और जिलाध्यक्ष गुड्डन पाण्डेय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। वक्ताओं ने कांग्रेस के 140 वर्षों के संघर्षपूर्ण इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस तरह पार्टी ने देश की आजादी और राष्ट्र निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाई है।
सद्भावना रैली जयस्तंभ चौक से प्रारंभ होकर मुख्य मार्गों से होती हुई गांधी स्टेडियम पहुंची। यहां सभी कांग्रेसजनों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर सूत की माला चढ़ाकर और पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके उपरांत सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया गया। संचालन युवक कांग्रेस प्रवक्ता गुफरान अंसारी ने किया।
कमरे की राजनीति छोड़ सडक़ों पर उतरें
नगर अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने आभार व्यक्त करते हुए कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब हमें कमरे की राजनीति से बाहर निकलकर सडक़ों पर उतरना होगा। उन्होंने आह्वान किया कि भ्रष्टाचार और बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस अब निर्णायक लड़ाई लड़ेगी।








