रितेश राठौर, केसला। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में, केसला मंडल में रविवार को एक भव्य और अनुशासित पथ संचलन निकाला गया। केसला के मंगल भवन परिसर से शुरू हुए इस पथ संचलन में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। सभी स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में थे और देशभक्ति गीतों की धुन पर कदमताल करते हुए आगे बढ़ रहे थे, जो उनकी एकता और अनुशासन को दर्शा रहा था।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के क्षेत्र संगठन मंत्री, सुभाष बडोले उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उद्देश्यों और शताब्दी वर्ष के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। श्री बडोले ने स्वयंसेवकों और उपस्थित जनसमूह को संघ द्वारा बताए गए पंच परिवर्तन को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया। ये पंच परिवर्तन हैं— सामाजिक समरसता, नागरिक शिष्टाचार, कुटुम्ब प्रबोधन, स्व का भाव और पर्यावरण संरक्षण।
कार्यक्रम में गायत्री परिवार से शरद वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। पथ संचलन जिस मार्ग से गुजरा, वहां स्थानीय ग्रामीणों और नागरिकों ने स्वयंसेवकों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया और उन पर पुष्पवर्षा की। यह भव्य आयोजन क्षेत्र में राष्ट्रीयता और अनुशासन का संदेश प्रसारित करने में सफल रहा।









