इटारसी। शहर के रेलवे स्टेशन रोड स्थित श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा में शनिवार को दसवें पातिशाह श्री गुरु गोविंद सिंह जी की जयंती प्रकाश पर्व के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर गुरुद्वारे को फूलों और रंग-बिरंगी आकर्षक रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया था।
गुरुद्वारे के ज्ञानी सुजीत सिंह ने बताया कि प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में अलसुबह से ही धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया था। सुबह 9 बजे श्री सहज पाठ साहिब के भोग के साथ कार्यक्रम आरंभ हुआ। सुबह 9:45 बजे गुरु नानक पब्लिक स्कूल के बच्चों ने मधुर कीर्तन प्रस्तुत किया। इसके बाद इटारसी के भाई अजीत सिंह हजूरी रागी जत्थे ने संगत को निहाल किया। दोपहर 12 बजे से सचखंड श्री हजूर साहिब, नांदेड़ से आए भाई सुरजीत सिंह खालसा के हजूरी रागी जत्थे ने विशेष कीर्तन और गुरुबाणी का गायन किया, जिसे सुनने बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
दोपहर 1 बजे से गुरु का अटूट लंगर प्रारंभ हुआ। इसमें सिख समाज के साथ-साथ अन्य समाजों के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भी कतारबद्ध होकर प्रसादी ग्रहण की। लंगर सेवा में संगत के सेवादारों ने बढ़-चढ़कर अपना सहयोग दिया। शाम के सत्र में भी कीर्तन दरबार सजाया गया। शाम 6:45 बजे रहिरास साहिब के पाठ के बाद स्त्री सत्संग और स्थानीय रागी जत्थों ने कीर्तन किया। रात्रि में पुन: नांदेड़ साहिब के रागी जत्थे द्वारा कीर्तन प्रस्तुत किया गया।
पूरे दिन गुरुद्वारे में वाहेगुरु के नाम का सिमरन और सेवा का अद्भुत वातावरण बना रहा। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में पुरुष, महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे और गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर खुशहाली की कामना की।









