इटारसी। भारत सरकार द्वारा घोषित वीर बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को गुरुनानक स्कूल में एक गरिमामय एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबज़ादों के अद्भुत शौर्य और सर्वोच्च बलिदान से परिचित कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ साहिबज़ादों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। विद्यार्थियों ने ओजस्वी भाषणों, कविताओं और देशभक्ति गीतों के माध्यम से छोटे साहिबजादों के बलिदान की गाथा को जीवंत कर दिया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक डॉ. शर्मा ने कहा कि साहिबजादों का जीवन निडरता और धर्मनिष्ठा की अनूठी मिसाल है। यह दिवस वर्तमान पीढ़ी को सत्य के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है। सचिव हरप्रीत सिंह छाबड़ा ने विद्यार्थियों से साहिबज़ादों के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की।
कार्यक्रम में नपा अध्यक्ष पंकज चौरे, मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे, पार्षद राकेश जाधव, हेड ग्रंथि सरदार प्रभजीत सिंह, स्कूल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह सलूजा, कोषाध्यक्ष परविंदर सिंह टुटेजा, गुरभेज सिंह जुनेजा सहित गुरुद्वारा व स्कूल प्रबंधन समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व स्कूल स्टाफ उपस्थित रहा।









