इटारसी। न्यास कालोनी स्थित साईं विद्या मंदिर स्कूल में शासकीय डॉ श्यामाप्रसाद मुखर्जी अस्पताल के सौजन्य से मौसम की विभिन्न बीमारियों प्रभाव को देखते हुए एक हेल्थ चेकअप कैम्प का आयोजन किया गया।
स्कूल संचालक आलोक गिरोटिया ने बताया कि मौसम में अचानक हो रहे परिवर्तन का बच्चों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ता है जिसकी जांच के लिए शासकीय श्यामाप्रसाद मुखर्जी अस्पताल के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ अभिषेक अग्रवाल, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ हर्षिता सचदेव राजु और नेत्र रोग सहायक भावना वर्मा विशेष रुप से उपस्थित थे।
उप प्राचार्य मनीषा गिरोटिया ने बताया कि बच्चों की जांच, दी गयी दवाओं की जानकारी व डॉक्टर द्वारा दी गई विशेष सलाह को डेटा रिपोर्ट कार्ड में भरकर अभिभावकों को सौंप दिया जायेगा ताकि आवश्यकता पडऩे पर अभिभावक शासकीय अस्पताल में डॉ से सलाह ले सकें। स्वास्थ्य शिविर में कक्षा नर्सरी से कक्षा आठ तक के लगभग 300 बच्चों के स्वास्थ्य की जांच की गई,और उनके सामान्य स्वास्थ्य, आंख व दांत के रखरखाव को नोट कराया गया।
स्वास्थ्य शिविर के समापन पर स्कूल संचालक द्वारा अस्पताल अधीक्षक डॉ आरके चौधरी, डॉ विकास जैतपुरिया, श्रीमती रीता मैनन का धन्यवाद किया साथ ही हेल्थ चेकअप कैम्प में बच्चों की स्नेहपूर्ण जांच करने वाले शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ अभिषेक अग्रवाल, दंत रोग विशेषज्ञ डॉ हर्षिता सचदेव राजु और नेत्र रोग सहायक भावना वर्मा को मोमेन्टोज प्रदान कर सम्मानित किया गया।









