इटारसी। कृषि उपज मंडी में शुक्रवार का दिन किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी लेकर आया। लंबे समय के बाद धान की कीमतों में जबरदस्त तेजी देखी गई, जिससे किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। हालांकि, इस उत्साह के बीच रेल प्रशासन और मंडी प्रबंधन ने किसानों के लिए एक जरूरी सलाह भी जारी की है।
धान 1718 की कीमतों ने लगाई लंबी छलांग
मंडी में आज धान की किस्म 1718 के भाव में अचानक भारी तेजी दर्ज की गई। जो धान अब तक करीब 3,400 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास बिक रही थी, उसके दाम आज 4,000 रुपये प्रति क्विंटल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए। विधायक प्रतिनिधि देवेन्द्र पटेल ने बताया कि आज दो-तीन बड़े व्यापारियों ने करीब दो से ढाई हजार क्विंटल धान की खरीदी की है। धान के साथ-साथ अन्य जिंसों के भाव में भी आंशिक सुधार देखा गया है।
दो दिन के अवकाश, मंडी रहेगी बंद
कीमतों में आई इस तेजी को देखकर ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसानों के मंडी पहुंचने की उम्मीद है, लेकिन उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। विधायक प्रतिनिधि देवेन्द्र पटेल ने किसानों से अपील करते हुए कहा है कि शनिवार माह का अंतिम शनिवार होने के कारण मंडी में नीलामी कार्य बंद रहेगा। रविवार सामान्य साप्ताहिक अवकाश रहेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कड़ाके की ठंड को देखते हुए किसान भाई बिना सोचे-समझे अपनी उपज लेकर मंडी न आएं। यदि वे अवकाश के दौरान आते हैं, तो उन्हें दो दिनों तक खुले आसमान के नीचे ठंड में परेशान होना पड़ेगा।
सोमवार से बढ़ेगी आवक
मंडी जानकारों का मानना है कि शुक्रवार को आवक सामान्य रही, लेकिन कीमतों में आए इस उछाल के बाद सोमवार से मंडी में धान की भारी आवक होने की पूरी संभावना है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे सोमवार सुबह से ही अपनी उपज लेकर आएं ताकि उन्हें सही समय पर उचित दाम मिल सकें।







