इटारसी। आगामी होली के त्योहार पर यात्रियों की भारी भीड़ और सुविधा को देखते हुए रेलवे ने पोत्तनूर जंक्शन से बरौनी जंक्शन के मध्य स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन भोपाल मंडल के इटारसी स्टेशन होकर गुजरेगी, जिससे बिहार और दक्षिण भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
रेलवे द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, गाड़ी संख्या 06021 पोत्तनूर-बरौनी स्पेशल 2 और 9 मार्च को पोत्तनूर से चलकर अगले दिन दोपहर 15:10 बजे इटारसी पहुँचेगी। यहाँ से यह जबलपुर और सतना होते हुए तीसरे दिन बरौनी पहुँचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 06022 बरौनी-पोत्तनूर स्पेशल 5 और 12 मार्च को बरौनी से प्रस्थान कर अगले दिन दोपहर 14:00 बजे इटारसी स्टेशन पहुँचेगी। इस ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे, जिनमें 18 शयनयान (स्लीपर), 2 सामान्य श्रेणी और 2 एसएलआरडी कोच शामिल हैं। यह ट्रेन रास्ते में बैतूल, नागपुर, विजयवाड़ा और काटपाडी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर भी रुकेगी। यात्री विस्तृत समय-सारणी के लिए रेल मदद 139 या रेलवे की वेबसाइट का उपयोग कर सकते हैं।





