इटारसी। सिखों के दसवें गुरु, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के चार साहिबजादों और माता गुजरी जी के सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए नर्मदापुरम-नरसिंहपुर सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने मानवता की सेवा का संकल्प दोहराया। 21 से 27 दिसंबर तक मनाए जाने वाले शहीदी सप्ताह के अवसर पर सांसद ने कड़ाके की ठंड को देखते हुए इटारसी में जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए।
सांसद श्री चौधरी ने इटारसी रेलवे ओवरब्रिज के ऊपर और रेलवे स्टेशन परिसर में पहुंचकर रात्रि विश्राम कर रहे और खुले में रह रहे लोगों को कंबल भेंट किए। इस दौरान उन्होंने कहा गुरु गोबिंद सिंह जी के चारों साहिबजादों—अजीत सिंह जी, जुझार सिंह जी, जोरावर सिंह जी और फतेह सिंह जी ने धर्म और राष्ट्र की रक्षा के लिए जो बलिदान दिया, वह विश्व इतिहास में अद्वितीय है। उनकी स्मृति में की गई यह सेवा उनके चरणों में एक विनम्र श्रद्धांजलि है।
इस सेवा कार्य के दौरान भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रशांत अग्रवाल सदस्य, जिला विकास समिति, विवेक जैन, सन्नी छाबड़ा पूर्व जिला उपाध्यक्ष, भाजपा, शिवकांत मालवीया सोशल मीडिया प्रभारी विनोद बघेल एवं अन्य गणमान्य नागरिक। उल्लेखनीय है कि दिसंबर का यह सप्ताह सिख इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी सप्ताह में साहिबजादों ने अपनी छोटी सी आयु में मुगल अत्याचारों के सामने झुकने के बजाय शहादत को चुना था। भारत सरकार द्वारा अब इसे वीर बाल दिवस के रूप में भी व्यापक स्तर पर मनाया जाता है।









