- अक्षय तृतीया पर बढ़ती बाल विवाह की संभावना को देखते हुए जागरूकता अभियान तेज
रितेश राठौर, केसला। आज 26 अप्रैल 2025, शनिवार को केसला ब्लॉक के ग्राम गोमतीपुरा में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के दौरान एक विशेष पहल की गई। अक्षय तृतीया नजदीक है, जिसे हिंदू धर्म में अत्यंत शुभ तिथि माना जाता है और इसी अवसर पर बड़ी संख्या में विवाह सम्पन्न होते हैं। इसी के चलते बाल विवाह की आशंका भी बढ़ जाती है। बाल विवाह को रोकने के लिए प्रशासन सतर्क हंै, वहीं सामाजिक संस्थाएं भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
इसी क्रम में विदिशा सोशल वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन, जो नर्मदापुरम जिले में बीते दो वर्षों से बाल विवाह रोकने के लिए जागरूकता अभियान चला रहा है, कथा वाचक पंडित सूरज तिवारी के सान्निध्य में उपस्थित श्रोताओं को बाल विवाह मुक्त भारत बनाने का संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर विदिशा सोशल वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन की टीम ने कथा स्थल पर पहुंचकर पंडित सूरज तिवारी को बाल विवाह रोकने के प्रयासों के प्रति जागरूक किया। तत्पश्चात् कथा में शामिल समस्त श्रद्धालुओं ने बाल विवाह न करने और रोकने की शपथ ली। संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि अक्षय तृतीया के दिन वे विशेष निगरानी एवं जागरूकता कार्यक्रम भी चलाएंगे ताकि कोई भी बाल विवाह न हो।









