इटारसी। शहर के वार्ड क्रमांक 12 स्थित कावेरी स्टेट में विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ी है। गुरुवार को एक गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के नवनिर्मित पार्क का लोकार्पण किया गया। साथ ही, आगामी विकास कार्यों के लिए विधिवत भूमि पूजन भी संपन्न हुआ।
विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए कहा कि वार्ड के सर्वांगीण विकास के लिए बजट की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र की समस्याओं का चरणबद्ध तरीके से समाधान किया जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने स्थानीय पार्षद मनजीत कलोसिया की सक्रियता की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से वार्ड में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।
पार्षद मनजीत कलोसिया ने बताया कि पार्क के निर्माण से कॉलोनी के बच्चों और बुजुर्गों को शुद्ध हवा और मनोरंजन के लिए एक बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। संचालन मनीष ठाकुर और सभापति राकेश जाधव ने किया। इस दौरान नीरज जैन, विश्वनाथ सिंगल सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी और वार्ड के वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।









