इटारसी। इंदौर में दूषित जल के सेवन से हुई असमय मौतों पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए महिला कांग्रेस ने स्थानीय जयस्तंभ चौक पर कैंडल मार्च निकालकर श्रद्धांजलि अर्पित की। मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बोरासी के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व नगर अध्यक्ष सुश्री नेहा चावरे ने किया।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर मौन जुलूस निकाला और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। इस दौरान कांग्रेस नेत्री नेहा चावरे ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इंदौर की यह घटना सरकार की लापरवाही और भ्रष्ट नीतियों का परिणाम है, जिससे पूरा प्रदेश व्यथित है।
श्रद्धांजलि सभा में पूर्व पार्षद साधना दुबे सहगल, पार्षद सीमा भदोरिया, आशा सोनी, बबीता गुप्ता, सुषमा सराठे सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। साथ ही वरिष्ठ कांग्रेस नेता गजानंद तिवारी, कन्हैया गोस्वामी, अमित गुप्ता, अजय शुक्ला, संतोष गुरयानी, पंकज राठौर, मोहन झलिया व अन्य कार्यकर्ताओं ने भी नम आंखों से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।








