व्यापारियों को व्यापार करने के लिए अब स्वयं की आचार संहिता बनानी होगी
इटारसी। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित ‘‘उद्योग व्यापार के सुचारू संचालन में वैक्सीन की उपलब्धता‘‘ विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया। कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल (National General Secretary Praveen Khandelwal) ने कहा कि इस महामारी के कारण जो बुरा समय हमने देखा है, अब आने वाले समय में प्रत्येक व्यापारी को डबल मास्क पहनना पडेगा और अपनी दुकान पर स्वयं को और अपने स्टाफ को फेसशील्ड लगाने के लिए प्रेरित करना होगा। आईसीएमआर के वैज्ञानिकों ने कहा है कि इसका वायरस 1 मीटर तक हवा में रह सकता है। इसलिए छोटी दुकान, तीनों तरफ से दीवार, एक शटर जिसके अंदर मालिक, स्टाफ और ग्राहक अब इन सब चीजों से हटकर व्यापार के नये तरीके देखना होंगे।
मुख्य वक्ता फेडरेशन ऑफ म.प्र. चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री अध्यक्ष राधाशरण गोस्वामी (Chairman Radha Sharan Goswami) ने कहा कि जब वैक्सीनेशन प्रारंभ हुआ था तब हमने इसे गंभीरता से नहीं लिया। हमें वैक्सीनेसन कराने पर बहुत ज्यादा फोकस करना होगा। जिन लोगों के स्लॉट बुक नहीं हो रहे हैं उन लोगों के लिए हम अपने स्टाफ को लगाकर स्लॉट बुक करायें। आने वाले समय में उन सेक्टरों को छोड दें जिसमें एयरलाइन्स, पर्यटन, होटल इंडस्ट्रीज है। इसके अलावा अन्य सेक्टर में बहुत अच्छा व्यापार होगा। पूरे विश्व में भारत के फार्मा सेक्टर की प्रतिष्ठा बढी है और हम सबका यह दायित्व है कि अब अधिक से अधिक जागरूकता के साथ वैक्सीनेसन का काम कंपलीट करें। कैट मध्यप्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन ने संचालन करते हुए कहा कि वैक्सीनेसन के लिए निजी अस्पतालों से बात हो गई है। कोवीशील्ड और स्पूतनिक दोनों वैक्सीन सःशुल्क लगाने के लिए हम लोग प्रयास कर रहे हैं। ताकि 18 से 45 वर्ष की आयु के लोगों को चाहे वो हमारे परिवार के हों या स्टाफ के, उन्हें पैमेन्ट देकर हम वैक्सीनेसन करवा रहे हैं। सेमीनार का स्वागत उद्बोधन देते हुए सागर के जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र जैन ने किया।
मध्यप्रदेश चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ग्वालियर के अध्यक्ष विजय गोयल ने कहा कि जिस प्रकार 45 साल से अधिक आयु के लोगों को आराम से वैक्सीन लग रही थी। एक मई के बाद 18 साल के ऊपर यदि ठीक से वैक्सीन लगती तो आज हम इस विषय पर इतनी चिंता नहीं करते। कैट के सेन्ट्रल जोन चेयरमेन रमेश गुप्ता ने कहा कि हम फ्री ऑफ कॉस्ट वैक्सीन के प्रयास करें। सरकार से कहें कि अधिक से अधिक व्यापारिक संगठन चेम्बर ऑफ कॉमर्स वैक्सीन सेन्टर खोलने को तैयार हैं। वे यदि हमें वैक्सीन देंगे तो हम लगायेंगे। यदि कहीं पैसे भी देने पडे तो पैसे देकर भी हम वैक्सीन खरीदने को तैयार हैं, लेकिन वैक्सीनेसन अत्यंत आवश्यक है।
मालवा चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष अजीत सिंह नारंग ने कहा कि ये जो प्राकृतिक आपदा है, यह कई मायनों में मानवीय भूल है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को अपनी व्यापार करने की आदत में सुधार करना होगा और अपने लिए एक आचार संहिता बनानी होगी ताकि हम सुरक्षित रह सकें।
महाकौशल चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री जबलपुर के अध्यक्ष रवि गुप्ता ने कहा कि महामारी से उबरने की क्षमता हम सभी साथियों में है। दुनिया में जब भी महामारी आई उनकी वैक्सीन बनी है। आज इस महामारी को कंट्रोल करने के लिए हम सबको वैक्सीन लगवाना चाहिए। जबलपुर के महाकौशल चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री में हम कैम्प लगाने को तत्पर हैं। हमारा यह दुर्भाग्य है कि जबलपुर से अभी तक कोई भी प्रदेश के मंत्रिमंडल में नहीं है। जबलपुर चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री जबलपुर के अध्यक्ष प्रेम दुबे ने कहा कि देशभर के रिटेल व्यापारियों को व्यापार करने के नियम और कानून बनाने होंगे। फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री भोपाल के उपाध्यक्ष सतना से योगेश ताम्रकार ने कहा कि उत्तरप्रदेश सरकार की तरह मध्यप्रदेश सरकार भी 5 लाख रुपये का बीमा व्यापारियों का कराये। प्रदेश सरकार व्यापारियों के लिए पेंशन योजना लेकर आये।
उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर वैक्सीन लगवाने को प्रमोट करने के लिए 30-30 सैकेंड के वीडियो बनायें और अपने स्टाफ को, ग्रामीण अंचल को, ग्राहकों को परिवार को जागरूक करें। साथ ही राज्य सरकार की जो योजनाएं हैं जिसमें कोरोना से मृत व्यक्ति को 1 लाख रुपये, अति गरीब परिवार के बच्चों के लिए, अनाथ हुए बच्चों के लिए 5 हजार रुपये प्रतिमाह इन योजनाओं का लाभ समाज के ज्यादा से ज्यादा लोगों को मिले इसके लिए प्रयास होना चाहिए।
फेडरेशन ऑफ मध्यप्रदेश चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री भोपाल के उपाध्यक्ष एवं जबलपुर चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के उपाध्यक्ष हिमांशु खरे ने कहा कि केन्द्र सरकार के अम्ब्रेला के साथ रहना होगा। मालवा चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के सचिव सुरेश हरियानी ने कहा कि एमएसएमई सेक्टर में वेतन भोगी श्रमिक सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है।
मालवा चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने 4 अप्रैल को कैम्प लगाकर 1000 से भी अधिक लोगों का टीकाकरण किया। हम इस बात से सहमत हैं यदि राज्य सरकार कुछ परसेंटेज में वैक्सीन हमको दे, तो हम पैमेन्ट देकर भी वैक्सीन लगवा सकते हैं।










