- केसला ब्लॉक के ग्रामीण क्षेत्रों में जल स्तर बढ़ाने और कृषि को संजीवनी देने के लिए सामूहिक श्रमदान
इटारसी। केसला ब्लॉक के ग्रामीण इलाकों में भविष्य के जल संकट से निपटने और भूजल स्तर को बढ़ाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। सेक्टर 04 की नवांकुर संस्था क्षितिज ने ग्रामीणों के सहयोग से नालों और छोटी नदियों पर बोरी बंधान बनाकर बहते पानी को रोकने और जल संचयन का संदेश दिया है।
यह अभियान वर्षा ऋतु के बाद नालों से व्यर्थ बह जाने वाले पानी को रोकने पर केंद्रित है, जिससे जल संकट से जूझ रहे किसानों और पशुपालकों को राहत मिल सके।
एकजुटता से जल संरक्षण का संकल्प
संस्था क्षितिज के अध्यक्ष कन्हैया लाल सराठे ने इस पहल के महत्व को उजागर करते हुए बताया कि, हर साल पानी बहकर चला जाता था और हम सूखे खेतों को देखते रह जाते थे। इस बार हमने ठान लिया कि पानी को यहीं रोका जाएगा। बोरी बंधान की यह पहल न केवल जलस्तर बढ़ाने में मदद करेगी, बल्कि खेती और पशुपालन को भी संजीवनी देगी। इस कार्य में मुख्य आयोजक संस्था क्षितिज के साथ सहयोगी संस्था के रूप में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति ने भागीदारी की।
श्रमदान और प्रोत्साहन
इस सामूहिक प्रयास में परामर्शदाता निधि शर्मा सहित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के छात्रों निखिल, अनुराग, देवजीत, रागनी, और पार्वती ने भी श्रमदान किया और ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि, ग्राम की एकजुटता ही ऐसे अभियानों की सफलता का आधार होती है। यह बोरी बंधान अभियान यह दिखाता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक भागीदारी और सामूहिक प्रयास से जल संरक्षण जैसे बड़े लक्ष्यों को सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सकता है, जिससे कृषि और पारिस्थितिकी दोनों को लाभ मिलेगा।









