इटारसी। होली के दौरान रामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सिलारी में मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। पत्थर फेंकने के शक को लेकर दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिसमें 10 लोग घायल हो गए। घायलों में दो लोगों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सभी घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया। कुछ समय के लिए गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
थाना प्रभारी विपिन पाल ने बताया कि घटना बुधवार शाम करीब 7:30 बजे की है। घर पर पत्थर फेंकने के शक को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ था, जो बाद में मारपीट में बदल गया।
पुलिस ने देर रात दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर केस दर्ज किए हैं। एक पक्ष से फरियादी नरेन्द्र कुमार पथोरिया की शिकायत पर विनोद पिता सुखदेव पथोरिया, कृष्ण कुमार पिता चिमनलाल पथोरिया, गणेश पिता चिमनलाल पथोरिया और ललित पिता चिमनलाल पथोरिया निवासी ग्राम सिलारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
वहीं दूसरे पक्ष से फरियादी प्रेम नारायण पथोरिया की शिकायत पर नरेन्द्र कुमार पथोरिया, राजेन्द्र पिता धीरज सिंह पथोरिया, छुटकी पिता शिवराम अहिरवार और सागर पिता रमेश पथोरिया निवासी ग्राम सिलारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हमले में एक पक्ष से नरेन्द्र कुमार, राजेन्द्र पथोरिया और छुटकी अहिरवार घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष से विनोद पथोरिया, ममता बाई पथोरिया, कृष्ण कुमार अहिरवार, गणेश अहिरवार, तुलाराम पथोरिया, चिमनलाल और सौरभ अहिरवार घायल हुए हैं।







