इटारसी। कमिश्नर नर्मदापुरम मालसिंह (Commissioner Narmadapuram Malsingh) ने गुरुवार को इटारसी शहर का भ्रमण किया। उन्होंने यहां कोविड नियंत्रण के लिए अधिकारियों के साथ रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर सेंपलिंग एवं स्क्रीनिंग की कार्यवाही का जायजा। उन्होंने रेलवे स्टेशन इटारसी पर ना ही व्यवस्थित ढंग से स्क्रीनिंग कार्य होने और ना ही बस स्टैंड पर सैंपलिंग के लिए मेडिकल टीम नियोजित पाए जाने पर नाराजी व्यक्ति की और इटारसी अस्पताल के अधीक्षक डॉ चौधरी (Superintendent Dr. Choudhary) को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बता दें कि रेलवे स्टेशन पर केवल शाम पांच बजे तक ही स्क्रीनिंग की जा रही थी। अब निर्देश के बाद रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर व्यवस्था में सुधार आने की उम्मीद है।

कमिश्नर मालसिंह ने सख्त निर्देश दिए कि रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर बाहर से आने वाले यात्रियों की अनिवार्य रूप से सैंपलिंग और थर्मल स्क्रीनिंग की जाए। नाम, पता सहित यात्रियों की समस्त जानकारी पंजीबद्ध की जाए। रेलवे स्टेशन पर मेडिकल टीम की संख्या बढ़ाई जाए। इस दौरान उन्होंने इटारसी शहर में कोविड की स्थिति एवं व्यवस्थाओं की भी विस्तार से जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर में रोको टोको अभियान के तहत नागरिकों को मास्क के उपयोग एवं अन्य आवश्यक सावधानियों का पालन करने के लिए प्रेरित करने के साथ ही मास्क नहीं पहनने वालों के विरुद्ध जुर्माने की भी कार्रवाई की जाए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम इटारसी मदन कुमार रघुवंशी (SDM Itarsi Madan Kumar Raghuvanshi), स्टेशन मैनेजर इटारसी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।









