इटारसी। नर्मदापुरम जिले में बारिश का दौर मंद हुआ है। जिले की विभिन्न तहसीलों में बारिश के आंकड़े देखें तो जिले की इटारसी, पिपरिया और डोलरिया तहसीलों में गत वर्ष के मुकाबले इस वर्ष अब तक कम बारिश हुई है। कार्यालय भू-अभिलेख की जानकारी के अनुसार इस वर्ष अब तक इटारसी में कुल 786 मिमी वर्षा दर्ज हुई है, जबकि पिछले वर्ष यह 805 मिमी थी। इसी तरह से पिपरिया में अब तक 977 मिमी वर्षा हुई जो पिछले वर्ष 1166 मिमी थी। डोलरिया में इस वर्ष 634.8 मिमी वर्षा हुई है, पिछले वर्ष यह आंकड़ा 7171.5 मिमी था।
पिछले वर्ष 1-2 अगस्त में हुई थी भारी वर्षा
दरअसल पिछले वर्ष 1-2 अगस्त में भारी वर्षा हुई थी और यह सीाी तहसीलों में जारी रही। इस वर्ष 1 अगस्त कि सभी तहसीलों में गत वर्ष के मुकाबले अधिक वर्षा हुई है। लेकिन, 1-2 अगस्त को भारी वर्षा होने से कुछ तहसीलें गत वर्ष के मुकाबले पिछड़ गईं। गत वर्ष 1-2 अगस्त को नर्मदापुरम में 90.4 मिमी, सिवनी मालवा में 38, इटारसी में 73.2, माखननगर में 38, सोहागपुर में 152.2, पिपरिया 162.2, बनखेड़ी 75.6, पचमढ़ी 86.2 और डोलरिया में 63.2 मिमी वर्षा हुई थी जबकि इस वर्ष नर्मदापुरम, सिवनी मालवा, माखननगर, सोहागपुर और डोलरिया में वर्षा नहीं हुई तथा इटारसी में 4 मिमी, पिपरिया में 8, बनखेड़ी 2 और पचमढ़ी में 1.4 मिमी वर्षा ही हुई है।
इस वर्ष अब तक
नर्मदापुरम में 941.5 मिमी, सिवनी मालवा में 788, इटारसी में 786, माखननगर में 563, सोहागपुर में 1000, पिपरिया 977, बनखेड़ी 1111.4, पचमढ़ी 1181.7 और डोलरिया में 634.8 मिमी वर्षा हुई है।








