इटारसी। कर्नाटक में हॉकी कोडागु के तत्वावधान में, एफएपी हॉकी फेस्टिवल 12 सितंबर से 14 सितंबर 2025 तक पोन्नमपेट, कोडागु में आयोजित किया गया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में सब-जूनियर बॉयज वर्ग की 12 टीमों ने हिस्सा लिया। टूर्नामेंट में युवा खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा दिखाने और अनुभव प्राप्त करने का एक शानदार अवसर मिला है।
हॉकी नर्मदापुरम के कोच कन्हैया गुरयानी ने बताया कि इस टूर्नामेंट में खेली टीमों में आर्मी बॉयज बेंगलुरु की टीम में इटारसी का बेहतरीन हॉकी खिलाड़ी दिव्यांश यादव भी खेला है। कुछ समय पूर्व ही दिव्यांश का चयन आर्मी बॉयज बैंगलुरु के लिए हुआ है। दिव्यांश की टीम ने इस टूर्नामेंट में विजेता होने का गौरव हासिल किया है।

उन्होंने कहा कि यह फेस्टिवल युवा खिलाडिय़ों के लिए एक बेहतरीन मंच है, जहां वे अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन कर सकते हैं और भविष्य के लिए अपनी हॉकी स्किल्स को निखार सकते हैं। दिव्यांश को बेहतर प्रदर्शन के लिए हॉकी नर्मदापुरम के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र तोमर, सचिव साजिद मलिक, कोषाध्यक्ष सर्वजीत सिंह सैनी सहित संपूर्ण संगठन ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।









