इटारसी। वेस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर संघ ने इटारसी प्रवास पर आए पश्चिम मध्य रेल के मुख्य चिकित्सा निदेशक का स्वागत करते हुए रेल कर्मचारियों और उनके परिजनों की चिकित्सा संबंधी ज्वलंत समस्याओं से अवगत कराया । संघ ने उप मंडल रेल चिकित्सालय नया यार्ड की जर्जर स्थिति और संसाधनों की कमी को लेकर 11 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा है ।
प्रमुख मांगें और समस्याएं
- नई बिल्डिंग का निर्माण : नया यार्ड स्थित रेल चिकित्सालय की वर्तमान बिल्डिंग अत्यंत जर्जर है, संघ ने मांग की है कि प्रस्तावित नई बिल्डिंग नया यार्ड में ही बनाई जाए ।
- रिक्त पदों की पूर्ति : चिकित्सालय में पिछले 2 वर्षों से रेडियोलॉजिस्ट का पद रिक्त है । इसके अलावा हृदय रोग, नेत्र, ईएनटी, बाल रोग और हड्डी रोग विशेषज्ञों के साथ-साथ एसीएमएस डॉक्टर की पदस्थापना की मांग भी की गई है ।
- सुरक्षा और सुविधा : असामाजिक तत्वों के डर को देखते हुए अस्पताल में 24 घंटे सुरक्षा गार्ड तैनात करने और एम्बुलेंस सेवा में सुधार करने की आवश्यकता जताई गई है ।
- संसाधनों की कमी : वार्डों में मच्छरदानी, गद्दे, चादर और तकिया जर्जर स्थिति में हैं, जिन्हें बदलने की मांग उठाई गई है, साथ ही दवाओं के लिए मासिक बजट को दोगुना करने का आग्रह किया गया है ।
संघ के अध्यक्ष प्रीतम तिवारी ने विश्वास जताया कि इन समस्याओं के निराकरण से रेल कर्मचारियों को राहत मिलेगी और औद्योगिक शांति बनी रहेगी।









