इटारसी। शहर के प्राचीन इच्छापूर्ति गणेश मंदिर, आठवीं लाइन में इस वर्ष भी गणेशोत्सव की भव्य तैयारियां शुरू हो गई हैं। इच्छापूर्ति गणेश युवा मंडल द्वारा 27 अगस्त, बुधवार से गणेशोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा, जिसमें 21वें वर्ष ‘लालबाग के राजा’ की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
युवा मंडल के संरक्षक सन्नी छाबड़ा ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी गणेशोत्सव को धूमधाम से मनाया जाएगा। उन्होंने सभी धर्मप्रेमी जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर ‘लालबाग के राजा’ के दर्शन करें और पुण्य लाभ अर्जित करें।
इच्छापूर्ति गणेश मंदिर का यह उत्सव पिछले दो दशकों से शहर में आस्था और भक्ति का केंद्र बना हुआ है। गणेशोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।









