नर्मदापुरम। एमपीसीए ग्राउंड पर आयोजित स्वर्गीय अनिल परते अंडर-18 बालक वर्ग क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे मैच में बैतूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नर्मदापुरम पर जीत दर्ज की। इस जीत के साथ ही अब टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला भी इन्हीं दो टीमों के बीच खेला जाएगा।
बैतूल की मजबूत बल्लेबाजी, शिखर और पूर्वेश चमके
नर्मदापुरम संभाग के मानसेवी सचिव प्रदीप तोमर ने बताया कि बैतूल की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। बैतूल के बल्लेबाजों ने सधी हुई शुरुआत की और दिन के निर्धारित ओवरों में 333 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। बैतूल की ओर से शिखर देशमुख ने सर्वाधिक 84 रनों की पारी खेली। वहीं पूर्वेश माथनकर ने 57 रन, विवेक बघेल ने 45 रन, समर्थ चौहान ने 38 रन और विराज ने 37 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अथर्व की हैट्रिक ने बटोरी सुर्खियां
नर्मदापुरम की ओर से गेंदबाजी करते हुए अथर्व चौहान ने इतिहास रचा। उन्होंने मैच में शानदार हैट्रिक सहित कुल 6 विकेट झटके। विनय मेघवानी, गौरव गौर, दक्ष चौरे और यथार्थ साहू को भी 1-1 सफलता मिली। हालांकि, गेंदबाजों की इस मेहनत पर टीम के बल्लेबाज खरे नहीं उतर सके।
159 पर सिमटी नर्मदापुरम की पारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी नर्मदापुरम की टीम बैतूल के गेंदबाजों के सामने असहाय नजर आई। पूरी टीम मात्र 159 रनों पर सिमट गई। टीम का कोई भी बल्लेबाज 30 रन के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सका। बैतूल की ओर से तनिष्क सोलंकी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट चटकाए। समर्थ चौहान को 2, जबकि शिखर देशमुख और विवेक बघेल को 1-1 विकेट मिला।
मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए बैतूल के शिखर देशमुख और तनिष्क सोलंकी को संयुक्त रूप से मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस दौरान एमपीसीए मैनेजिंग कमेटी मेंबर अनुराग मिश्रा, जिला क्रिकेट संघ सचिव मनोहर बिल्थरिया, नितेश राजपूत, अंपायर विशाल शर्मा, विष्णु बौरासी एवं ग्राउंड स्टाफ मौजूद रहा।









