इटारसी। ऑर्डिनेंस फैक्ट्री परिसर के इंडियन गैस गोदाम के पास तेंदुआ देखे जाने की खबर मिली है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, क्योंकि इससे पहले भी आसपास के इलाकों में तेंदुआ की आवाजाही देखी गई है।
गाय ने लगाई दौड़, राहगीर भागे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब तेंदुआ देखा गया, तो पास में चर रही एक गाय ने डरकर दौड़ लगा दी। तेंदुआ को देखकर राहगीर भी मौके से भाग खड़े हुए। इस घटना ने एक बार फिर स्थानीय लोगों और फैक्ट्री में काम करने वालों में भय पैदा कर दिया है।
पहले भी दिखा मूवमेंट
यह कोई पहली बार नहीं है जब इस क्षेत्र में तेंदुए का मूवमेंट देखा गया है। कुछ समय पहले, पॉवर ग्रिड क्षेत्र में तेंदुआ दिखाई देने के बाद एक स्कूल में छुट्टी घोषित कर दी गई थी। इसके अलावा, ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के जांच नाका के पास भी एक तेंदुए का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
वन विभाग की कार्रवाई
इसी क्षेत्र में कुछ समय पहले तेंदुआ के एक शावक का शव भी मिला था, जिसके बाद वन विभाग ने पथरोटा के आसपास तेंदुआ को पकडऩे के लिए पिंजरा लगाया था, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीण और ऑर्डिनेंस फैक्ट्री के रहवासी क्षेत्र के लोग भयभीत हैं। जब तक तेंदुआ पकड़ा नहीं जाता, तब तक लोगों में यह डर बना रहेगा।









