नर्मदापुरम। जिले के लोक सेवा केंद्र नर्मदापुरम के संचालक रवि ट्रेडर्स (अतुल जैन) इटारसी के विरुद्ध अनियमितताओं के कारण 10,000 (दस हजार रुपये) का अर्थदंड अधिरोपित किया है। यह कार्रवाई लोक सेवा केंद्र के ऑपरेटर द्वारा अनाधिकृत रूप से प्रमाण पत्र जारी करने की गंभीर शिकायत के बाद की गई है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायत के अनुसार, लोक सेवा केंद्र नर्मदापुरम के ऑपरेटर द्वारा आय और मूल निवासी प्रमाण पत्र जारी करने के लिए कोरे कागजों पर केंद्र की सील और हस्ताक्षर लगाकर एमपी ऑनलाइन सेंटर को प्रदान किए जा रहे थे। यह कृत्य लोक सेवा केंद्र के संचालन नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
जांच और कार्रवाई
- संचालक रवि ट्रेडर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया।
- जांच में यह पाया कि लोक सेवा केंद्र में कार्यरत ऑपरेटर अरुण यादव अनाधिकृत रूप से बजरंगी एमपी ऑनलाइन सेंटर, नर्मदापुरम को आय, मूल निवासी और अन्य प्रकार के प्रमाण पत्र दे रहे थे।
- कलेक्टर एवं सचिव, जिला ई-गवर्नेंस सोसायटी, नर्मदापुरम, सुश्री सोनिया मीना ने रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल में निहित प्रावधानों का उल्लंघन मानते हुए रवि ट्रेडर्स पर 10,000 रुपए का अर्थदंड लगाया है।
- इसके साथ ही, दोषी ऑपरेटर अरुण यादव को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।
आगे की कार्रवाई
- संचालक रवि ट्रेडर्स को यह आरोपित राशि शास्ति मद में नियत समय-सीमा के अंदर जमा करनी होगी।
- प्रशासन ने चेतावनी दी है कि यदि यह अर्थदंड समय पर जमा नहीं किया या पुन: अनियमितता पाई गई, तो नियमानुसार लोक सेवा केंद्र नर्मदापुरम की निविदा (टेंडर) निरस्त कर दी जाएगी।
- इसका संपूर्ण उत्तरदायित्व संचालक का होगा। अनाधिकृत कार्य में शामिल बजरंगी एमपी ऑनलाइन सेंटर, नर्मदापुरम पर भी जल्द ही कार्यवाही की जाएगी।








