नर्मदापुरम। रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से चोरी कर भागे एक युवक को नर्मदापुरम जीआरपी ने गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। यह कार्रवाई तब हुई जब चोर चोरी का सामान लेकर अमरकंटक एक्सप्रेस से भाग रहा था।
जीआरपी टीआई संजय चौकसे ने बताया कि उन्हें रानी कमलापति स्टेशन से एक सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि एक युवक चोरी करके अमरकंटक एक्सप्रेस में बैठकर नर्मदापुरम की ओर भाग रहा है। इस सूचना पर जीआरपी की टीम ने नर्मदापुरम रेलवे स्टेशन पर ट्रेन आने का इंतजार किया।
ट्रेन के रुकते ही पुलिस ने बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध युवक को ट्रेन से उतरते ही पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान जमनी टोला निवासी उमेश पिता सुरेंद्र पारदी के रूप में हुई।
आरोपी बेल पारदी समुदाय से ताल्लुक रखता है। जीआरपी ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









