इटारसी। शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय में गुरुवार को विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य में सुधार और अवसाद (डिप्रेशन) रोकने के लिए गठित ‘महाविद्यालय स्तरीय टास्क फोर्स’ की पहली बैठक संपन्न हुई। प्राचार्य डॉ. राकेश मेहता की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार छात्र कल्याण पर विस्तृत चर्चा की गई।
प्राचार्य डॉ. मेहता ने कहा कि माता-पिता अक्सर अपनी महत्वाकांक्षाएं बच्चों पर थोपते हैं, जिससे छात्र तनाव में आ जाते हैं। एसडीओपी वीरेंद्र मिश्र ने सुझाव दिया कि विद्यार्थियों में संघर्ष करने की क्षमता विकसित करनी चाहिए ताकि तनाव हावी न हो सके। जनभागीदारी अध्यक्ष डॉ. नीरज जैन ने कक्षाओं में उपस्थिति और समस्या निवारण हेतु शिकायत पेटी लगाने पर जोर दिया। वहीं, डॉ. राकेश चोलकर ने छात्रों के लिए अध्यात्म और ध्यान सत्रों की आवश्यकता बताई।
गणेश उपरारिया ने अस्पताल में उपलब्ध काउंसलर की जानकारी दी, जबकि महिला बाल विकास अधिकारी दीप्ति शुक्ला ने शिक्षकों को छात्रों के साथ मित्रवत व्यवहार करने की सलाह दी। बैठक में एसडीएम निलेश कुमार शर्मा, एसडीओपी वीरेंद्र मिश्र, सीएमओ रितु मेहरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और समिति सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पवन कुमार अग्रवाल ने किया।









