- 15 दिन में सुधार न होने पर तालाबंदी का ऐलान
- हाथठेले पर निर्माण सामग्री लेकर पहुंचे छात्र नेता
इटारसी। शासकीय महात्मा गांधी स्मृति स्नातकोत्तर महाविद्यालय में कक्षाओं की बदहाल और जर्जर स्थिति को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला अध्यक्ष मयंक चौरे के नेतृत्व में संगठन ने कॉलेज प्राचार्य को एक ज्ञापन सौंपकर तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने की मांग की है।
विद्यार्थियों की सुरक्षा पर मंडरा रहा खतरा
ज्ञापन में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि कॉलेज परिसर के कुछ कमरों की स्थिति इतनी जर्जर हो चुकी है कि वहां कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना घट सकती है। छात्रों का कहना है कि छतों से प्लास्टर गिरना और दीवारों में दरारें आना आम बात हो गई है, जिससे क्लास में बैठकर पढ़ाई करना जान जोखिम में डालने जैसा है।
पूर्व में दी गई सूचना की अनदेखी का आरोप एन एस यू आई जिला अध्यक्ष मयंक चौरे ने बताया कि इस समस्या को लेकर संगठन पहले भी कॉलेज प्रशासन को अवगत करा चुका है, लेकिन आज दिनांक तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। प्रशासन की इसी उदासीनता के चलते संगठन को दोबारा यह द्वितीय संज्ञान हेतु आवेदन देना पड़ा है।
15 दिन का अल्टीमेटम
छात्र संगठन ने कॉलेज प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि अगले 15 दिनों के भीतर क्षतिग्रस्त कक्षों के निर्माण या सुधार का कार्य शुरू नहीं किया जाता है, तो संगठन उग्र रुख अपनाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र कार्यकर्ता उपस्थित रहे जिन्होंने जल्द से जल्द बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सुरक्षित भवन की मांग दोहराई है।
इनका कहना है…
अगर समय रहते कार्य प्रारंभ नहीं होता है, तो 15 दिन बाद संगठन द्वारा कॉलेज में धरना प्रदर्शन और तालाबंदी की जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी।
— मयंक चौरे, जिला अध्यक्ष, एनएसयूआई









