इटारसी। कोरोना के बढ़ते दायरे के बीच एक सुकून देने वाली खबर है। विधायक डॉ.सीतासरन शर्मा (MLA, Dr, Sitasaran Sharma) का परिवार एक 50 बिस्तरीय कोविड केयर अस्पताल का खर्च उठायेगा। यह कोविड केयर सेंटर पवारखेड़ा (Pawarkheda Covid Center) में बनाया जा रहा है। अभी पवारखेड़ा में 50 बिस्तरीय कोविड केयर सेंटर है, जबकि यहां विधायक डॉ. शर्मा के निर्देश पर 50 बिस्तर बढ़ाये जा रहे हैं, जिसमें मरीजों के इलाज, खानपान, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य खर्च विधायक का परिवार वहन करेगा। स्टाफ की सैलरी के लिए कुछ सामाजिक सहयोग के साथ एसडीएम एमएस रघुवंशी (SDM MS Raghuwanshi) भी सहयोग करेंगे। आज पवारखेड़ा कोविड केयर सेंटर में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मदन सिंह रघुवंशी (Subdivisional Officer Revenue Madan Singh Raghuvanshi), सीएमओ हेमेश्वरी पटले (CMO Hemeshwari Patale), वरिष्ठ भाजपा नेता जगदीश मालवीय (Senior BJP leader Jagdish Malviya) ने जाकर निरीक्षण किया और 50 बिस्तर और बढ़ाने के लिए स्थान देखा। इसके अलावा अन्य सुविधाओं में बदलाव के लिए प्रशासन ने तैयारी प्रारंभ की है। नये बदलाव के अंतर्गत अब वैक्सीनेशन का काम सिविल अस्पताल की अपेक्षा शासकीय गर्ल्स स्कूल सूरजगंज में होगा। सरकारी अस्पताल में 30 बिस्तर बढ़ाये गये हैं।

शनिवार से मेगा वैक्सीनेशन
शनिवार 1 मई से देश में मेगा वैक्सीनेशन कार्यक्रम शुरु हो रहा है। इसके लिए सिविल अस्पताल में स्थान अभाव के कारण न सिर्फ भीड़ बढ़ेगी बल्कि वहां संक्रमण का भी खतरा रहेगा, क्योंकि अस्पताल में संक्रमित मरीज भी जांच कराने पहुंचते हैं। इस कारण अब कन्या शाला सूरजगंज में वैक्सीनेशन का काम होगा। विधायक डॉ सीतासरन शर्मा के निर्देश पर प्रशासनिक और स्वास्थ विभाग की टीम ने तैयारी शुरू की है। 1 मई से 18 वर्ष से ऊपर वालों को भी वैक्सीनेशन होगा और ऐसे में होने वाली भीड़ की संभावना को देखते हुए सरकारी अस्पताल डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल का कोविड वेक्सीन सेंटर को सूरजगंज गल्र्स स्कूल में शिफ्ट किया जा रहा है।
बिस्तर बढ़ाए, कंसट्रेटर बुलाये
सरकारी अस्पताल में मरीजों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए तीस बिस्तर बढ़ा दिये हैं। अब यहां 98 बिस्तर हो गये। इसमें से 20 बिस्तर गर्भवती कोरोना संक्रमित महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे। इसी तरह से अस्पताल में ऑक्सीजन कंसेन्ट्रेटर की संख्या में भी इजाफा किया जा रहा है। 70 से ज्यादा ऑक्सीजन कंसेंन्ट्रेटर बुलाये गये हैं, इनमें से कुछ आज शाम और कुछ 29 अप्रैल तक शहर में आ जाएंगे।
सीटी स्कैन की सुविधा जल्द
बहुत जल्द सरकारी अस्पताल में सीटी स्कैन की सुविधा भी प्रारंभ हो जाएगी। यहां लगी मशीन में आंशिक समस्या के कारण वह बंद थी। कोरोना काल में मशीन की महती आवश्यकता को देखते हुए टैक्नीशियन को बुलाया है, जो दिल्ली से इटारसी के लिए रवाना हो चुके हैं। मशीन को सुधारने का खर्च विधायक डॉ. शर्मा के भाई पूर्व विधायक गिरिजाशंकर शर्मा और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष भवानी शंकर शर्मा उठा रहे हैं।
डॉ, पैरा मेडिकलीकल स्टाफ की जरूरत
भाजपा नेता जगदीश मालवीय के मुताबिक विधायक डॉ शर्मा, पूर्व विधायक गिरिजाशंकर शर्मा, उनके बड़े भाई भवानीशंकर शर्मा सहित एसडीएम इटारसी मदन सिंह रघुवंशी डॉ व स्टाफ की सैलरी का खर्च वहन करेंगे। इसमें समाज का सहयोग भी लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पैरामेडिकल स्टाफ के लिए जो काम करने का इच्छुक अनुभवी हो, वह संपर्क कर सकते हैं।








