इटारसी। राजस्थान के झालावाड़ जिले में शुक्रवार को एक सरकारी स्कूल की इमारत का हिस्सा ढह जाने से सात मासूम बच्चों की दुखद मृत्यु और 28 के घायल होने की घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस हृदयविदारक हादसे के मद्देनजर स्कूल भवनों की सुरक्षा को लेकर जनप्रतिनिधियों में भी गंभीरता देखी जा रही है।
शनिवार को विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने इटारसी नगर के विभिन्न शासकीय स्कूलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवनों की भौतिक स्थिति का अवलोकन किया और जहां-जहां स्कूल भवन जर्जर अवस्था में पाए गए, वहां तत्काल मरम्मत और सुधार कार्य कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। डॉ. शर्मा ने कहा कि राजस्थान की दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने हम सभी को सतर्क कर दिया है। बच्चों को सुरक्षित और सुदृढ़ वातावरण में शिक्षा देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस मुद्दे को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस निरीक्षण के दौरान उनके साथ भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे, जयकिशोर चौधरी, नगर पालिका सभापति राकेश जाधव, वरिष्ठ नेता एवं विधायक प्रतिनिधि जसबीर सिंह छाबड़ा, पार्षद राहुल प्रधान, सौरभ मेहरा, गौरव बड़कुर सहित अन्य कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे। डॉ. शर्मा ने स्पष्ट किया कि सुरक्षित शिक्षा का वातावरण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।








