इटारसी। प्रदेश के शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालयों में अपनी सेवाओं की सुरक्षा को लेकर संघर्ष कर रहे अतिथि व्याख्याताओं को विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा का बड़ा समर्थन मिला है। गुरुवार को पॉलीटेक्निक अतिथि व्याख्याता संघ के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक शर्मा से मुलाकात कर अपनी समस्याओं का पुलिंदा सौंपा।
उचित मांगों पर सरकार का ध्यान दिलाना जरूरी
ज्ञापन स्वीकार करते हुए डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा कि अतिथि व्याख्याताओं द्वारा उठाई गई मांगें पूरी तरह उचित और तार्किक हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे जल्द ही संघ के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात मुख्यमंत्री से करवाएंगे, ताकि कैबिनेट स्तर पर इन विषयों पर चर्चा कर ठोस निर्णय लिया जा सके।
गेट भर्ती प्रक्रिया रोकने की मांग
संघ के प्रदेश अध्यक्ष ऋषभ पस्टारिया ने विधायक को बताया कि वर्तमान में विभाग द्वारा अपनाई जा रही गेट आधारित भर्ती प्रक्रिया से अनुभवी अतिथि व्याख्याताओं के भविष्य पर तलवार लटक गई है। संघ ने मांग की है कि वर्तमान गेट भर्ती प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगे। अतिथि व्याख्याताओं को 12 माह का फिक्स वेतन और 65 वर्ष तक जॉब सिक्योरिटी दी जाए। किसी भी कार्यरत व्याख्याता को बाहर न निकाला जाए। फालआउट साथियों और अल्प मानदेय 400 रुपए पर काम कर रहे शिक्षकों का भविष्य सुरक्षित हो।
इस दौरान बड़ी संख्या में व्याख्याता उपस्थित थे। ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से ऋषभ पस्टारिया के साथ नावेद अख्तर, अंकित मिश्रा, आशीष, पल्लवी, हेमलता, शिवांगी और नैनी पटेल सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।









