इटारसी। वार्ड 02 स्थित वर्मा कॉलोनी में दो महिलाओं के आतंक से रहवासी खौफजदा हैं। कॉलोनी की महिलाओं ने शुक्रवार को पुलिस थाना इटारसी पहुंचकर दीपा सूरी और सरला सूरी के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने और अभद्रता करने की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। आवेदिका प्रभा तिवारी ने पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि ये मां-बेटी न केवल गंदगी फैलाती हैं, बल्कि विरोध करने पर मर्डर करवाने की खुली धमकी देती हैं।
पैसे देकर हाथ कटवा दूंगी और मर्डर करवा दूंगी
शिकायतकर्ता प्रभा तिवारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत तब हुई जब उन्होंने दीपा और सरला सूरी द्वारा घर के सामने गंदगी फेंकने का विरोध किया। आरोप है कि 18 दिसंबर को सुबह 8 से 10 बजे तक दोनों महिलाओं ने प्रभा तिवारी को गंदी-गंदी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। दोपहर करीब 12 बजे जब प्रभा तिवारी अपनी पड़ोसी तिवारी के घर गई थीं, तब दीपा और सरला ने उन पर पाइप से पानी फेंका और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। वहां मौजूद प्रभा तिवारी, श्रीमती तिवारी और कटियार मैडम को आरोपियों ने धमकी देते हुए कहा कि गुंडों को पैसे देकर तुम तीनों का मर्डर करवा दूंगी और हाथ कटवा दूंगी।
कॉलोनी परेशान, चेतावनी बेअसर
तहरीर में उल्लेख किया गया है कि दीपा सूरी और सरला सूरी आए दिन पूरी कॉलोनी के लोगों के साथ अभद्रता करती हैं। जो भी उनके घर के सामने से निकलता है, उसे गंदी गालियां दी जाती हैं। उल्लेखनीय है कि कुछ समय पूर्व इन्हीं महिलाओं से परेशान होकर कॉलोनीवासियों ने चक्काजाम किया था। उस दौरान तहसीलदार सुनीता साहनी ने मौके पर पहुंचकर दोनों महिलाओं को नोटिस जारी किया था और चेतावनी दी थी कि दोबारा ऐसी शिकायत मिलने पर कठोर कानूनी कार्रवाई होगी। इसके बावजूद आरोपियों के हौसले बुलंद हैं और उनकी गुंडागर्दी जारी है।
वर्मा कॉलोनी की महिलाएं अब आर-पार की लड़ाई के मूड में हैं। उनका कहना है कि यदि पुलिस ने दीपा और सरला सूरी पर कड़ी कार्रवाई नहीं की, तो स्थिति और बिगड़ सकती है। अब क्षेत्रवासियों की नजरें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।









