इटारसी। नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे और सभापति राकेश जाधव ने आज सुबह शहर में स्वच्छता व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत अस्पताल परिसर स्थित कॉम्प्लेक्स से हुई, जहां दोनों जनप्रतिनिधियों को गंदगी मिली।
गंदगी मिलने पर अध्यक्ष पंकज चौरे और सभापति राकेश जाधव ने वार्ड जमादार को कड़ी फटकार लगाई और स्पष्ट चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि भविष्य में यदि वार्ड में गंदगी पाई जाती है, तो उसकी सीधी जिम्मेदारी जमादार की होगी।
दुकानदारों को चेतावनी, अतिक्रमण हटाने निर्देश
निरीक्षण के दौरान, आसपास के दुकानदारों द्वारा सडक़ पर कचरा फेंकने की शिकायत भी मिली। इस पर अध्यक्ष और सभापति ने दुकानदारों को स्वच्छता बनाए रखने की समझाइश दी। साथ ही, उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा, पुरानी इटारसी की चयन कॉलोनी में अतिक्रमण के कारण कई घरों की पानी निकासी प्रभावित होने का मामला सामने आया। इस पर नगर पालिका अध्यक्ष ने सख्त रुख अपनाते हुए अतिक्रमणकारियों को 3 दिनों के भीतर नाली पर से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। अध्यक्ष ने वार्ड जमादार को यह भी निर्देश दिया कि संयुक्त टीम बनाकर इन क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। इस दौरान स्वच्छता प्रभारी कमल आर्य, अशोक मुकद्दम और प्रदीप मैना भी मौजूद रहे।









