- युवाओं के नवाचारों की सराहना, आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मिला संदेश
इटारसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का आयोजन रविवार को पूरे देशभर में उत्साह और प्रेरणा के साथ किया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पंकज चौरे, जो इन दिनों मैसूर में प्रशिक्षण हेतु उपस्थित हैं, उन्होंने अन्य नगरपालिका अध्यक्षों के साथ मिलकर इस कार्यक्रम को मोबाइल पर सामूहिक रूप से सुना।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने देश के युवा वर्ग द्वारा किए जा रहे स्टार्टअप्स, अनुसंधान और तकनीकी नवाचारों की सराहना की। उन्होंने बताया कि सरकार किस प्रकार इन क्षेत्रों में युवाओं को सहयोग एवं संसाधन उपलब्ध करा रही है। प्रधानमंत्री ने विज्ञान, तकनीक और उद्यमिता को आत्मनिर्भर भारत के लिए आवश्यक स्तंभ बताया और युवाओं को इन क्षेत्रों में अग्रसर होने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा, प्रधानमंत्री की बातों से युवाओं को नई ऊर्जा और दिशा मिलती है। वे देश की प्रगति में भागीदारी के लिए प्रेरित होते हैं। हमें विश्वास है कि हमारे युवा अपने नवाचारों से भारत को और अधिक सशक्त बनाएंगे। कार्यक्रम ने स्थानीय स्तर पर भी उत्साह का संचार किया और यह स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री की बातें न केवल राष्ट्रीय बल्कि स्थानीय नेतृत्व और युवाओं के लिए भी मार्गदर्शक हैं।








