सिवनी मालवा। नर्मदापुरम सामान्य वन मंडल की बानापुरा रेंज में ग्रीन इंडिया मिशन और पारिस्थितिकी तंत्र सेवा सुधार परियोजना के तहत चल रहे कार्यों का अवलोकन करने के लिए देश के विभिन्न राज्यों से 20 सदस्यीय दल पहुंचा। यह दौरा विश्व बैंक के अधिकारियों सहित गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और देहरादून के प्रतिनिधियों को मिलाकर आयोजित किया गया था।
कार्यप्रणाली का निरीक्षण
वन संरक्षक अशोक कुमार और उप मंडल अधिकारी अनिल कुमार विश्वकर्मा के नेतृत्व में दल ने बानापुरा रेंज के सर्किल पीपलगोटा का दौरा किया। टीम को पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभागीय कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान तालाब निर्माण, वर्मी कंपोस्ट, सिलाई मशीन और मोटरसाइकिल मैकेनिक जैसी गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों से भी बातचीत की गई।
क्षेत्रीय भ्रमण और सराहना
अधिकारियों ने फील्ड में जाकर वृक्षारोपण स्थलों का निरीक्षण किया और कार्यों को करीब से देखा। ग्रामीणों ने अपने अनुभव साझा करते हुए इन परियोजनाओं की सराहना की। इस अध्ययन दौरे का उद्देश्य भारत में वन और वृक्ष आवरण को बहाल करने, संरक्षित करने और सुरक्षित करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर किए जा रहे प्रयासों को समझना था। यह दौरा जीआईज इंडिया द्वारा 21 से 27 सितंबर 2025 तक मध्य प्रदेश में आयोजित किया जा रहा है।









