अपना उत्सव समिति तीसरी लाइन करायेगी सांस्कृतिक कार्यक्रम
इटारसी। अपना उत्सव समिति तीसरी लाइन द्वारा शारदीय नवरात्र महोत्सव पारंपरिक रूप से पारिवारिक माहौल में भव्यता के साथ मनाया जायेगा। ज्ञात हो कि कई वर्षों से इस समिति द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से नगर को समानता एवं एकजुटता का संदेश दिया जा रहा है, जो कि इटारसी नगर में जनचर्चा का विषय है।
समिति के सदस्य एवं कार्यक्रम संयोजक हिमांशु अग्रवाल बाबू ने बताया कि 3 अक्टूबर शाम को मातारानी का बैंड बाजे, आतिशबाजी एवं गुलाल खेलकर स्वागत किया जायेगा। द्वितीय दिवस 4 अक्टूबर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रारंभ होंगे जिनमें कुर्सी दौड़, मटकी फोड़, यूनिक हाऊजी, प्रश्न मंच, फैशन शो, नृत्य प्रतियोगिता, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, आनंद मेला, वहीं 10 अक्टूबर को सामूहिक गरबा के साथ संपन्न होंगे।
महाष्टमी के अवसर पर मातारानी को फलाहारी व्यंजनों का भोग लगाकर महाआरती की जायेगी। 11 अक्टूबर को हवन पूर्णाहुति के साथ शाम 7 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है। 12 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर माता रानी का विसर्जन नर्मदापुरम के सेठानी घाट पर किया जायेगा।










