इटारसी। लोक निर्माण विभाग द्वारा इटारसी के पास पीपलढाना नहर पर बनाया गया नया पुल बनकर तैयार होने के बावजूद अभी तक चालू नहीं किया गया है, अब भी वाहन पुराने जर्जर पुल से ही गुजर रहे हैं जिससे एक बड़े हादसे का खतरा बना हुआ है। पुराने, संकरे पुल पर लगातार बढ़ते यातायात को देखते हुए, ट्रक ओनर्स एसोसिएशन ने इस पर गहरी चिंता जताई है और प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है।
ट्रक ओनर्स एसोसिएशन के अजय ‘टप्पू’ मिश्रा ने कहा कि विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है। उन्होंने बताया कि पुराना पुल बेहद संकरा है और उस पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया है। यह बस समय की बात है कि कोई गंभीर घटना हो जाए, मिश्रा ने कहा। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि केवल चेतावनी बोर्ड लगाकर अपनी जिम्मेदारी से पीछे न हटें, बल्कि नए पुल को जल्द से जल्द चालू करवाएं ताकि किसी भी बड़ी जन-हानि से बचा जा सके।
एक माह में चालू होंगे दोनों पुल
इस संबंध में, लोक निर्माण विभाग (क्कङ्खष्ठ) के सिवनी मालवा के प्रभारी एसडीओ ने बताया कि विभाग नहर पर दो पुलों का निर्माण कर रहा है। इनमें से गोची तरौंदा के पास वाले पुल में कुछ काम अभी भी बाकी है। उन्होंने कहा कि दोनों पुलों को एक साथ चालू किया जाएगा। एसडीओ के अनुसार, बचा हुआ काम लगभग एक महीने में पूरा कर लिया जाएगा। यह देखना होगा कि विभाग अपनी समय सीमा का पालन कर पाता है या नहीं, और क्या प्रशासन लोगों की चिंता को देखते हुए इस मामले में तेजी से कार्रवाई करेगा।









