इटारसी। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत ग्रामीण स्वच्छता को आधुनिक और सुलभ बनाने के लिए एक अभिनव पहल वॉश ऑन व्हील कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इस नवाचार के तहत विकासखंड केसला की ग्राम पंचायत मलोथर का चयन किया गया है, जहां ग्राम के ही निवासी विजय लोट को स्वच्छता मित्र के रूप में नियुक्त किया गया है।
हाईटेक होगी शौचालयों की सफाई
22 दिसंबर 2025 को जनपद पंचायत केसला में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में मलोथर के स्वच्छता मित्र विजय लोट को सफाई के लिए आधुनिक मशीनरी और सुरक्षा उपकरण प्रदान किए गए। इस किट की कुल लागत 20,900 रुपए है।
किट में शामिल मुख्य सामग्री
- शौचालय की गहराई से सफाई हेतु प्रेशर मशीन।
- सुरक्षा के लिए हैंड ग्लव्स, जूते और विशेष पोशाक।
- सफाई के लिए उच्च गुणवत्ता वाले ब्रश और आवश्यक उपकरण।
एप के माध्यम से घर बैठे मिलेगी सेवा
अब ग्रामवासी अपने शौचालयों की सफाई के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। वॉश ऑन व्हील एप के माध्यम से स्वच्छता मित्र से संपर्क किया जा सकता है। इसके लिए सरकार द्वारा शुल्क भी निर्धारित किया गया है।
मलोथर के लिए क्यों खास है यह पहल
यह कदम न केवल गांव में स्वच्छता के स्तर को ऊंचा उठाएगा, बल्कि स्वच्छता मित्रों को रोजगार और आधुनिक संसाधन भी प्रदान करेगा। एप के माध्यम से निगरानी होने से काम में पारदर्शिता आएगी और ग्रामीणों को बहुत ही कम शुल्क पर पेशेवर सफाई सेवा मिल सकेगी। किट वितरण कार्यक्रम में मुख्य रूप से जनपद पंचायत केसला की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती सुमन खातरकर, जनपद अध्यक्ष गंगाराम कलमेे, स्वच्छ भारत मिशन के ब्लॉक समन्वयक नितिन मालवीय और मलोथर ग्राम पंचायत के सचिव मनीष राजपूत उपस्थित रहे।
- व्यक्तिगत शौचालय : 50 रुपए प्रति सीट।
- सामुदायिक शौचालय : 200 प्रति सीट।
इनका कहना है…
यह ग्रामवासियों के लिए स्वच्छता के क्षेत्र में एक बड़ा नवाचार है। पूरे विकासखंड केसला में केवल दो पंचायतों सेमरी खुर्द एवं मलोथर को इस विशेष किट के लिए चयनित किया गया है, जो मलोथर के लिए गौरव की बात है।
श्रीमती सुमन खातरकर, सीईओ जनपद पंचायत









