इटारसी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, विधानसभा क्षेत्र 137-इटारसी के अंतर्गत मतदाता सूची को दुरुस्त करने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 चलाया जा रहा है। इस प्रक्रिया के तहत इटारसी खंड में 4081 ऐसे मतदाताओं की पहचान की गई है जिनकी मैपिंगनहीं हो पाई है। इन मतदाताओं के सत्यापन के लिए प्रशासन द्वारा विशेष सुनवाई आयोजित की जा रही है।
सुनवाई का कार्यक्रम और अधिकारी
यह सुनवाई 05 जनवरी 2026 से शुरू होकर 14 फरवरी 2026 तक चलेगी। सुनवाई के लिए श्रीमती सुनीता साहनी तहसीलदार, इटारसी पुराना अनुविभागीय कार्यालय, इटारसी, शक्तिश्री तोमर अतिरिक्त तहसीलदार, नर्मदापुरम पुराना अनुविभागीय कार्यालय, इटारसी, श्रीमती रूचि गोयल नायब तहसीलदार निर्वाचक कक्ष, तहसील कार्यालय, इटारसी और हंस कुमार ओनकर नायब तहसीलदार निर्वाचक कक्ष, तहसील कार्यालय, इटारसी अधिकारी रहेंगे।
मतदाताओं के लिए जरूरी निर्देश
चिन्हित मतदाताओं को उनके संबंधित बीएलओ के माध्यम से सूचना पत्र दिए जाएंगे, जिसमें सुनवाई की निश्चित तिथि और समय अंकित होगा। सुनवाई के दौरान मतदाताओं को आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, पासपोर्ट, सरकारी पहचान पत्र या शैक्षणिक प्रमाण पत्र जैसे मान्य दस्तावेज साथ लाने होंगे। जो नागरिक पहली बार अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाना चाहते हैं, वे फॉर्म-6 और घोषणा पत्र भरकर अपने बीएलओ के पास जमा कर सकते हैं। प्रशासन ने सभी चिन्हित मतदाताओं से अपील की है कि वे समय सीमा के भीतर अपने दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर मैपिंग की प्रक्रिया पूर्ण कराएं।









