- सभापति ने अधिकारियों को दिये निर्देश, पुलिस कालोनी गेट के सामने डंप कर रहे थे कचरा
इटारसी। तेरहवी लाइन से न्यास कालोनी मार्ग पर रोड पर कचरा डंप करने संबंधी समाचार नर्मदांचल डॉट कॉम ने प्रकाशित किया था। इसे संज्ञान में लेते हुए नगर पालिका में स्वास्थ्य समिति के सभापति राकेश जाधव ने आज मौके पर अधिकारियों के साथ जाकर निरीक्षण किया और जेसीबी बुलाकर कचरा साफ कराया और अधिकारियों को दोबारा सड़क पर कचरा डंप नहीं करने के निर्देश दिये।
उल्लेखनीय है कि पुलिस कालोनी के सामने न्यास कालोनी मार्ग पर बीच सड़क पर नगरपालिका द्वारा कचरा फेंके जाने की शिकायत मिलने पर नगर पालिका सभापति राकेश जाधव ने आज मौके पर पहुंचकर नाराजी जाहिर की। उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल कचरा हटाने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि आगे से यहां कचरा अड्डा नहीं बनाया जाए।
सभापति ने कहा, नागरिकों को किसी भी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सड़क को कचरा अड्डा बना दिया है, कुछ तो शर्म करो। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जेसीबी मशीन बुलाकर सफाई करवाई गई। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भविष्य में यदि इस तरह की लापरवाही दोबारा होती है, तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर इंजीनियर आदित्य पांडे, मयंक अरोरा, सभापति मनजीत कालोसिया, पार्षद अमित विश्वास, जगदीश पटेल, कमलकांत बडग़ोती, मोहन कंडारे, और पप्पू मालवीय भी उपस्थित थे।








