इटारसी। तवा बांध में 31 जुलाई तक 1158 फिट पानी रखना है। इससे अधिक होने के साथ ही आगामी दिनों में तेज बारिश के आसार हुए तो जलस्तर बनाये रखने के लिए बांध के गेट खोले जा सकते हैं। वर्तमान में बांध का जलस्तर 1152 के आसपास है। यानी गवर्निंग लेबल से महज 6 फिट दूर। अभी जुलाई माह में 21 दिन हैं, इस अवधि में तेज बारिश हुई और बांध में तेजी से पानी आया तो बांध के गेट खुलने की संभावना बन सकती है। ऐसे ही नर्मदा का सेठानी घाट पर अलार्म स्तर 967 फिट से करीब 9 फिट दूर है।
वर्षा की स्थिति
पिछले चौबीस घंटे में जिले की हर तहसील में वर्षा दर्ज हुई है। तवा बांध के जलस्तर को बढ़ाने वाले पचमढ़ी और तवा के कैचमेंट एरिया में भी वर्षा दर्ज हुई है। सबसे अधिक वर्षा सिवनी मालवा में 89 मिमी हुई। इटारसी में 39.4 मिमी, बनखेड़ी में 30, माखननगर में 17, सोहागपुर में 15, पचमढ़ी में 12.8, नर्मदापुरम में 10.7, डोलरिया में 4.3 मिमी वर्षा दर्ज हुई है। अब तक पिछले वर्ष से अधिक वर्षा दर्ज हो चुकी है। जिले में अब तक 517.8 मिमी औसत वर्षा हो चुकी है जबकि जिले की सामान्य औसत वर्षा 1370.5 मिमी है।
आज सुबह 8 बजे बांधों की स्थिति
- तवा बांध सुबह 9 बजे 1151.60/1166 फिट
- बरगी बांध सुबह 8 बजे 416.90/422.76 मीटर
- बारना बांध सुबह 8 बजे 345.02/348.55 मीटर
- सेठानी घाट सुबह 8 बजे 958.20/967 फिट








