दुर्गा नवमी पर मंदिरों में लगा भक्तों का मेला, हवन-पूजन, भंडारे हुए

Post by: Rohit Nage

इटारसी। दुर्गा नवमी (Durga Navami) के मौके पर आज सोमवार को शहर के देवी मंदिरों में सुबह से लेकर आधी रात तक भक्तों का मेला लगा रहा। सुबह घर-घर में पूजा-अर्चना के बाद कन्या भोज किये। दुर्गा स्थापना पंडाल में हवन-पूजन और कन्याभोज का आयोजन किया गया। मंदिरों में दोपहर तक जलाभिषेक और दर्शन के लिए भक्तों की खूब भीड़ उमड़ी।

देवी के जयकारों के साथ घंटे-घडिय़ालों की टंकार गूंजती रही। पिछले आठ दिनों से भक्त मनोरथ पूर्ण होने की कामना के साथ श्रद्धाभाव से उपवास रखकर देवी जगदंबा (Goddess Jagdamba) की स्तुति कर रहे थे। दुर्गा नवमी पर भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उपवास खोला। मां सिद्धिदात्री की उपासना की गई। इस दिन साधकों को सिद्धियां प्राप्ती होती हैं और भक्तों की मुरादें पूरी हो जाती हैं। नवरात्र के आखिरी दिन शहर के देवी मंदिरों पर भक्तों का मेला लगा रहा।

शाम तक पूजा-अर्चना का सिलसिला चलता रहा। शहर के बूढ़ी माता मंदिर (Budhi Mata Temple) सहित अन्य देवी मंदिरों में बड़ी संख्या में भक्तों की भीड़ थी। बूढ़ी माता मंदिर में भक्तों की लंबी लाइन लगी थी। महानवमी के मौके पर देवी प्रतिमाओं के मनोहारी शृंगार किए गए। देवी मंदिरों पर शाम होते ही भजन कीर्तन व देवी की आराधना शुरू हो गई।

Leave a Comment

error: Content is protected !!