इटारसी। सावन के अंतिम सोमवार को भगवान भोलेनाथ की भक्ति करने बड़ी संख्या में भक्त पहुंच रहे हैं। शिवालयों में भगवान की पूजा-अर्चना, जलाभिषेक करने वाले भक्तों में महिलाओं की संख्या सर्वाधिक है। हर शिवालय में भोले के भक्त पहुंच रहे हैं। कई जगह से कांवड़ यात्रा निकाली जा रही है और शिवभक्ति करते हुए पैदल शिवालयों में पहुंच रहे हैं। सबसे अधिक भक्त सतपुड़ा की वादियों में स्थित गुफा मंदिर तिलक सिंदूर पहुंच रहे हैं तो इटारसी शहर में पशुपतिनाथ मंदिर में सैंकड़ों कावड़ यात्री पहुंच रहे हैं।
सावन के अंतिम सोमवार को भी भक्तों ने बड़ी संख्या में पशुपतिनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। भक्तों ने बेलपत्र चढ़ाकर, जलाभिषेक करके पूजा-अर्चना की। राधावल्लभ सेवा समिति से जुड़ी महिला भक्तों ने रॉयल स्टेट स्थित नर्मदेश्वर शंकर मंदिर से कावड़ यात्रा निकाली जो अनेक मार्गों से होकर गुजरी। अनेक स्थानों पर पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया।
कांवड़ यात्रा सोना सांवरी नाका से सूरजगंज मुख्य मार्ग होते हुए जयस्तंभ से होकर श्री पशुपतिनाथ धाम पहुंची। पशुपतिनाथ धाम में कांवडिय़ों ने भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग का अभिषेक किया। सावन के अंतिम सोमवार पर भगवान भोलेनाथ को आकर्षक रूप से सजाया है। मंदिर में दूर-दूर से श्रद्धालु भगवान के दर्शन करने पहुंच रहे थे।









