सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने रेल मंत्री से की मुलाकात
इटारसी। नर्मदापुरम-नरसिंहपुर सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने संसदीय क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नई दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से सौजन्य भेंट की। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने क्षेत्र की लंबित रेल परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं के विस्तार पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर छिंदवाड़ा सांसद बंटी विवेक साहू और खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल भी उपस्थित रहे।
नागपुर-भुसावल पैसेंजर ट्रेन की बहाली
मुलाकात के दौरान सांसद चौधरी ने क्षेत्रीय यात्रियों की सबसे प्रमुख मांग नागपुर-भुसावल पैसेंजर ट्रेन को पुन: प्रारंभ करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि इस ट्रेन के बंद होने से दैनिक यात्रियों और छोटे व्यापारियों को काफी परेशानी हो रही है। इस पर रेल मंत्री जी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
इन महत्वपूर्ण विषयों पर भी हुई चर्चा
सांसद ने रेल मंत्री को एक मांग पत्र सौंपते हुए क्षेत्र की निम्नलिखित बुनियादी जरूरतों की ओर ध्यान आकर्षित किया।
- रेलवे गेट व ओवरब्रिज : सहेली-ताकू रेलवे गेट की समस्या और धरमकुंडी रेलवे स्टेशन के पास बहुप्रतीक्षित रेल ओवरब्रिज के निर्माण का आग्रह।
- बनखेड़ी क्रॉसिंग : बनखेड़ी में रेलवे क्रॉसिंग की समस्या का स्थायी समाधान।
- समय सारिणी व ठहराव : विंध्याचल एक्सप्रेस की समय सारिणी में संशोधन और क्षेत्र के विभिन्न स्टेशनों पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग।
- स्टेशनों का कायाकल्प : संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण और सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक सुझाव प्रस्तुत किए।
क्षेत्र के विकास के लिए सकारात्मक पहल
सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि रेल मंत्री के सकारात्मक आश्वासन के बाद क्षेत्र के निवासियों को जल्द ही रेल सुविधाओं में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।









