इटारसी। जिला सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा हर साल की तरह इस बार भी भगवान परशुराम जी का प्रकटोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। शनिवार से दूसरी लाइन स्थित परशुराम भवन में प्रकटोत्सव के तहत होने वाले कार्यक्रमों का शुभारंभ हो गया है। 26 अप्रैल से 1 मई तक उत्सव मनाया जाएगा। 1 मई को धूमधाम से शहर में भगवान परशुराम जी की शोभायात्रा निकाली जाएगी।
परशुराम भवन में शनिवार को शतरंज व कैरम प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शाम को संगीत प्रतियोगिता हुई। कैरम स्पर्धा सब जूनियर में प्रथम आदित्य मिश्रा, जूनियर में प्रथम आयुष शुक्ला, द्वितीय ऋषभ दीवान, सीनियर प्रथम प्रशांत चौबे एवं द्वितीय विजेता रविन्द्र तिवारी रहे। इसी तरह शतरंज जूनियर में प्रथम शाश्वत तिवारी, द्वितीय प्रियांश दुबे, सीनियर प्रथम विजेता अमरीश तिवारी, द्वितीय मनोज शर्मा विजेता रहे।
इस अवसर पर आयोजन समिति से जिला सर्व ब्राह्मण समाज अध्यक्ष जितेंद्र ओझा,जितेंद्र उपरीत, दिनेश उपाध्याय, ज्ञानेंद्र उपाध्याय, राकेश दुबे, अजय शुक्ला, महेन्द्र जोशी, आलोक तिवारी, प्रकाश दुबे, आलोक दीक्षित समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।
यह रहेंगे कार्यक्रम
- 27 अप्रैल : सांस्कृतिक कार्यक्रम, डांस, फैंसी ड्रेस एवं क्किवज प्रतियोगिता।
- 28 अप्रैल : एकल डांस, ग्रुप डांस और थीम एक्ट।
- 29 अप्रैल : वाहन रैली शाम 4 बजे खेड़ापति मंदिर सीपीई से होकर शहर भ्रमण करेगी।
- आनंद मेला शाम 7 बजे परशुराम भवन में।
- 30 अप्रैल : भगवान परशुराम जी का पूजन, अभिषेक एवं भोजन प्रसादी परशुराम मंदिर नेहरूगंज में।
- पालकी यात्रा शाम 5 बजे परशुराम भवन से निकलेगी।
- 1 मई : सुबह 9 बजे द्वारकाधीश बड़ा मंदिर में यज्ञोपवीत संस्कार, शाम 4 बजे भव्य शोभायात्रा नगर भ्रमण करेगी।
- शाम 7 बजे फ्रेंडस स्कूल मैदान पर भगवान परशुराम जी की महाआरती, विप्र शिरोमणि सम्मान एवं प्रसादी वितरण होगा।