इटारसी। सामाजिक संस्था सरदार वल्लभभाई पटेल समाज सेवा समिति ने सामाजिक पारिवारिक गणना अभियान का शंखनाद किया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज को संगठित करना और एक विस्तृत डेटाबेस तैयार करना है। समिति के अध्यक्ष अरुण कुमार महालहा और संरक्षक सुरेश चिमानिया ने बताया कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सभी परिवारों तक गणना फॉर्म पहुंचा दिए हैं। इन फॉर्मों को जमा करने की अंतिम तिथि 14 जनवरी निर्धारित की गई है।
गणना पूर्ण होने के बाद एक विशेष स्मारिका प्रकाशित की जाएगी, जिसमें समाज की कुल जनसंख्या के साथ-साथ विवाह योग्य युवक-युवतियों का विवरण प्रमुखता से दिया जाएगा। परिचय सम्मेलन और सम्मान समारोह पारिवारिक गणना के डेटा के आधार पर समिति आगामी समय में युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन, समाज की होनहार प्रतिभाओं के लिए प्रतिभा सम्मान समारोह करेगी। अध्यक्ष अरुण कुमार महालहा ने कहा कि इस अभियान का मूल उद्देश्य समाज को एकजुट करना है। उन्होंने जोर देते हुए कहा, एकजुट समाज ही अपनी सामाजिक शक्ति का आभास राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्रों में करा सकता है। समिति ने समस्त पटेल समाज के परिवारों से इस गणना अभियान में पूर्ण सहयोग प्रदान करने की अपील की है ताकि समाज का एक सशक्त और स्पष्ट चित्र सामने आ सके।









