इटारसी। थाना पथरोटा के अंतर्गत ग्राम बेगानिया में एक युवक के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी पंकज चौधरी 38 वर्ष, जो कि ग्राम जुझारपुर का निवासी है, गुरुवार 5 मार्च को अपने ससुराल ग्राम बेगानिया गया था। दोपहर करीब 2:40 बजे वहां पुरानी रंजिश या किसी विवाद को लेकर आरोपियों ने उसे घेर लिया।
आरोपियों में गुलाबी पटेल पति श्रीराम पटेल और श्रीराम पटेल पिता भगत सिंह शामिल हैं, ने फरियादी पंकज के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने पंकज के साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद फरियादी ने रात करीब 8:30 बजे पथरोटा थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।






