- – जब तक लिखित आदेश नहीं, हड़ताल जारी रहेगी
- – प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्री के मोबाइल हो गये बंद
इटारसी। मध्यप्रदेश पटवारी संघ भोपाल (Madhya Pradesh Patwari Sangh Bhopal) के आह्वान पर चल रही प्रदेश के पटवारियों की हड़ताल समाप्ति की घोषणा प्रदेशाध्यक्ष उपेन्द्र सिंह (Upendra Singh) ने कर दी, लेकिन प्रदेश के इस निर्णय को नर्मदापुरम जिला (Narmadapuram District) की कार्यकारिणी ने यह कहते हुए नकार दिया है कि जब तक लिखित आदेश नहीं मिलेंगे, हड़ताल जारी रहेगी।
कार्यकारी जिलाध्यक्ष ने कहा कि यदि आज शाम तक आदेश लिखित में मिले तो आज ही खत्म, अन्यथा जारी रहेगी। उल्लेखनीय है कि विगत 32 दिनों से मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) के पटवारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। आज प्रदेश अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह बाघेल (Upendra Singh Baghel) का एक पत्र सोशल मीडिया (Social Media) पर आया कि तीन दिन से लगातार मुख्यमंत्री, राजस्व मंत्री, मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव से मुलाकात और वार्ता के बाद सरकार ने हमारी मांगों के संबंध में निर्णय पर अपनी सहमति दी है। उन्होंने लिखा कि आज शाम तक सभी साथी अपने जिला और तहसील मुख्यालय पर अपनी उपस्थिति दें। उन्होंने इसे संघ की बड़ी जीत बताते हुए सभी पटवारियों को बधाई दी।
जिला इकाई की असहमति
इधर इस निर्णय पर जिला इकाई ने असहमति जतायी। संघ के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जाटव (Devendra Jatav) के पत्र में सभी तहसील अध्यक्षों को संबोधित कर कहा गया है कि पटवारी संघ की हड़ताल समाप्त नहीं की जाए। मप्र पटवारी संघ भोपाल के आह्वान पर 28 अगस्त से हड़ताल जारी है। आज प्रांताध्यक्ष द्वारा हड़ताल स्थगन का आदेश जारी किया है, जिससे जिला नर्मदापुरम सहमत नहीं है। जिले के समस्त पटवारियों की भावना से सहमत होते हुए मैं इस नतीजे पर पहुंचा हूं कि प्रांताध्यक्ष के पत्र में शामिल आश्वासन पर जब तक शासन द्वारा लिखित आदेश नहीं हो जाते, जिला नर्मदापुरम अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बना रहेगा।
बंद हैं दोनों मोबाइल
इस संबंध में जब मध्यप्रदेश पटवारी संघ भोपाल (Madhya Pradesh Patwari Sangh Bhopal) के प्रांताध्यक्ष उपेन्द्र सिंह बाघेल और महामंत्री उमेश शर्मा को मोबाइल पर संपर्क करना चाहा तो दोनों के मोबाइल बंद मिले।
इनका कहना है…
अभी हमारे पास लिखित में कुछ नहीं आया है। यह हड़ताल लिखित आदेश जारी होने तक चलेगी। आज शाम को आदेश मिले तो आज ही खत्म कर देंगे अन्यथा जारी रहेगी।
देवेन्द्र जाटव, कार्यवाहक जिलाध्यक्ष









