इटारसी। श्री प्रेमशंकर दुबे स्मृति पत्रकार भवन में अमर शहीद पंडित चंद्रशेखर आजाद की जयंती पर मानसरोवर साहित्य समिति द्वारा काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार टीआर चौलकर ने की। मुख्य अतिथि कारगिल युद्ध में भाग ले चुके क्षेत्र के सेवानिवृत्त सैनिक अरुण पटेल, विशिष्ट अतिथि शायर मदन तन्हाई एवं मानसरोवर साहित्य समिति के अध्यक्ष राजेश दुबे मौजूद थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती और चंद्रशेखर आजाद के चित्र के समक्ष द्वीप प्रज्वलन कर किया। संयोजक गुलाब भूमरकर ने सरस्वती वंदना के साथ उसके अचूक निशाने की देना पड़ेगी दाद, भारत मां का सच्चा सपूत चंद्रशेखर आजाद रचना पढ़ी। डॉ आजाद सिंह ने वीर आजाद की जय हो, अमर शौर्य की गाथा है, जिसने हंसकर मौत को चूमा, वो भारत की परिभाषा है रचना पढ़कर माहौल में देश भक्ति का रस घोल दिया।
काव्य गोष्ठी में आमंत्रित साहित्यकार रामकिशोर नाविक, मदन बड़कुर तन्हाई, तरुण तिवारी तरु, विनय चौरे विद्वान, अविनेश ताम्रकार, रूपेंद्र गौर, कमल पटेल, रवि मेहरा, प्रवीण कुमार शर्मा, आलोक शुक्ला अनूप, हनीफ खान, राम वल्लभ गुप्त, सतीश शमी, एसआर धोटे, डॉ आजाद सिंह ने अपनी रचनाओं की प्रस्तुति दी। संचालन तरुण तिवारी तरु ने, आभार प्रदर्शन मानसरोवर साहित्य समिति के अध्यक्ष राजेश दुबे ने किया।








