इटारसी। शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार लाने के उद्देश्य से पुलिस ने सोमवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया। यातायात प्रभारी विनय अडलक के निर्देश पर थाना परिसर के सामने यह अभियान चलाया गया।
इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने बिना हेलमेट और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर विशेष ध्यान दिया।
अभियान के तहत 13 चालान काटे गए, जिनसे मौके पर 4,300 रुपये का जुर्माना वसूला गया। यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों को नियमों का सख्ती से पालन करने की समझाइश दी है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन अवश्य करें।









