इटारसी। जिला पुलिस कप्तान के विशेष निर्देश पर, आज डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल इटारसी में इटारसी और पथरौटा थाना क्षेत्र की डायल 112 इमरजेंसी गाडिय़ों के चालकों को महत्वपूर्ण जीवन रक्षक प्रशिक्षण दिया गया।
यह प्रशिक्षण सीपीआर/ बीएलएस (बेसिक लाइफ सपोर्ट) पर केंद्रित था। डायल 112 के चालक, जो किसी भी आपात स्थिति में सबसे पहले मौके पर पहुंचते हैं, उनके लिए यह प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। प्रशिक्षण के दौरान, डॉक्टर ने सभी चालकों को बारीकी से सीपीआर और प्राथमिक उपचार की तकनीकें सिखाई।
चालकों को यह भी जानकारी दी गई कि घटनास्थल पर पहुंचने के बाद मरीज की जांच कैसे करनी है और उन्हें कैसे बचाना है। अस्पताल के डॉक्टर अखिलेश योना ने डायल 112 के पायलटों (चालकों) को यह विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया। इस ट्रेनिंग से आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस कर्मियों की तत्परता और दक्षता बढ़ेगी, जिससे घायल या गंभीर मरीजों को समय पर सही प्राथमिक सहायता मिल सकेगी।








