इटारसी। शहर के सबसे व्यस्त और मुख्य मार्ग, चामुंडा चौराहा, पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के सामने से दिनदहाड़े एक बैंक कर्मचारी की मोटरसाइकिल चोरी हो गई। यह पूरी वारदात बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके बाद क्षेत्र में हडक़ंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, बैंक कर्मचारी चंदन मालवीय अपनी मोटर साइकिल बैंक के बाहर खड़ी करके भीतर अपने काम में लगे थे। इसी दौरान एक अज्ञात चोर वहां पहुंचा और उनकी गाड़ी चुरा ले गया।
फुटेज में चोरी का तरीका
- पहला प्रयास विफल : चोर ने पहले गाड़ी को चाबी लगाकर चालू करने की कोशिश की, लेकिन काफी प्रयासों के बाद भी वह सफल नहीं हो सका।
- वापस आया : असफल होने के बाद चोर ने मालवीय की मोटर साइकिल को वहीं खड़ी किया और पास की एक दूसरी गाड़ी को लेकर कुछ दूर लेकर चला गया।
- दोबारा आकर दिया अंजाम : लगभग 15-20 मिनट बाद, चोर फिर से वापस आया और इस बार वह चंदन मालवीय की मोटरसाइकिल को सफलतापूर्वक चालू कर कुछ ही मिनटों में लेकर फरार हो गया। चोरी की घटना ऐसे प्रमुख स्थान पर हुई है जहां हमेशा लोगों की आवाजाही रहती है।
पुलिस ने शुरू की जांच
मोटरसाइकिल चोरी होने की जानकारी मिलते ही बैंक कर्मचारी चंदन मालवीय तुरंत सिटी थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज ले लिए हैं, जिसमें चोर का चेहरा और वारदात का समय स्पष्ट रूप से कैद है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस को उम्मीद है कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से यह मामला जल्द सुलझा लिया जाएगा।








