इटारसी। न्यास कॉलोनी स्थित रेनबो स्कूल में मंगलवार को आयोजित वार्षिक उत्सव ने उपस्थित अभिभावकों और शहर के गणमान्य नागरिकों का मन मोह लिया। लगभग 188 नन्हे-मुन्ने सितारों ने एक साथ स्टेज पर अपनी शानदार प्रस्तुतियाँ दीं।
इस वर्ष की थीम: प्रकृति के पंचतत्व
इस वर्ष वार्षिक उत्सव की थीम ‘प्रकृति के पंचतत्व’ पर आधारित रही, जिसने दर्शकों को एक गहरा संदेश दिया। बच्चों ने क्रमशः जल, वायु, आकाश, पृथ्वी और अग्नि तत्वों पर आधारित प्रस्तुतियां देकर उनके महत्व को बड़ी सुंदरता से समझाया। जल पर भावपूर्ण नृत्य वायु की महत्ता दर्शाती प्रस्तुति पृथ्वी से जुड़ाव , अग्नि की ऊर्जा का प्रदर्शन, आकाश की विशालता।
हास्य और रोमांच का तड़का
कार्यक्रम में बच्चों ने विविधतापूर्ण प्रस्तुतियाँ देकर दर्शकों को खूब हँसाया और चौंकाया भी। नन्हे-मुन्ने जोकरों ने अपने हास्य नृत्य से दर्शकों को लोटपोट कर दिया और खूब तालियाँ बटोरीं। वहीं, ‘स्केरी डांस’ (Scary Dance) के बच्चों ने एक अनूठा प्रयोग करते हुए अपनी प्रस्तुति से अतिथियों को डराकर मनोरंजन किया, जो सबका ध्यान खींचने वाला पल रहा।
गणमान्य अतिथियों ने किया शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका इटारसी अध्यक्ष पंकज चौरे, भाजपा मंडल अध्यक्ष राहुल चौरे, और जैन समाज समिति के पदाधिकारियों ने किया। अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर उत्सव का औपचारिक आगाज़ किया। इसके पश्चात स्कूली बच्चों ने माँ सरस्वती का गायन कर उनसे आशीर्वाद लिया।
स्कूली शिक्षिकाओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक स्वागत नृत्य ने उपस्थित सभी अतिथियों और अभिभावकों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्कूली अभिभावक, शहर के गणमान्य नागरिक और स्कूली बच्चे उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों की प्रतिभा को सराहा और उन्हें प्रोत्साहित किया।









